Adityapur : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल, पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अब तक हुए कार्यों की समीक्षा करते हुए मतदाता पंजीकरण और विभिन्न श्रेणियों में लंबित मामलों के निष्पादन की प्रगति से अवगत कराया गया।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए प्राप्त प्रपत्र-6 के आवेदनों और अन्य श्रेणियों में प्राप्त मामलों की अद्यतन स्थिति साझा की गई।
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 34,207 आवेदन प्राप्त
बैठक में बताया गया कि जिले के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों से अब तक कुल 34,207 प्रपत्र-6 के आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र से 11,082, सरायकेला विधानसभा क्षेत्र से 14,499 तथा खरसावां विधानसभा क्षेत्र से 8,626 आवेदन शामिल हैं।
विभिन्न श्रेणियों में निष्पादन की स्थिति
SIR-2026 के तहत तार्किक विसंगति, नो मैपिंग और अन्य श्रेणियों में प्राप्त मामलों के निष्पादन की स्थिति भी प्रस्तुत की गई।
– तार्किक विसंगति: कुल 1,53,107 मामलों में से 85,165 का निष्पादन, यानी 55.62 प्रतिशत।
– नो मैपिंग: कुल 71,401 मामलों में से 32,472 का निष्पादन, यानी 45.48 प्रतिशत।
– अन्य श्रेणी: कुल 5,61,358 मामलों में से 5,25,013 का निष्पादन, यानी 93.53 प्रतिशत।
उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना तथा सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और समावेशी बनाना है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) का संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कराने की अपील की। साथ ही मतदाता सूची का अवलोकन कर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
4 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर पांचवीं चुनाव पाठशाला
बैठक में जानकारी दी गई कि आगामी 4 नवंबर 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक BLO एवं BLA-2 की पांचवीं बैठक और पांचवीं चुनाव पाठशाला आयोजित की जाएगी।
इस दौरान नोटिस एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले मतदाताओं की सूची संबंधित BLO द्वारा उपस्थित BLA-2, सदस्यों और आम नागरिकों के समक्ष पढ़कर सुनाई जाएगी। इसके बाद संबंधित मामलों को लेकर आवश्यक जानकारी, सुझाव और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, ताकि नियमानुसार सत्यापन एवं निष्पादन किया जा सके।
उपायुक्त ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से इस बैठक एवं चुनाव पाठशाला में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
शिकायतों और सुझावों पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से SIR प्रक्रिया से संबंधित शिकायतें, आपत्तियां और सुझाव भी आमंत्रित किए गए। उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों की भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित प्रावधानों के अनुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और सभी पक्षों की सहभागिता जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
18 नवंबर तक नए मतदाता कर सकेंगे पंजीकरण
नए मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर देते हुए बैठक में बताया गया कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए प्रपत्र-6 भरवाने में सहयोग किया जाए। पात्र नागरिक BLO के माध्यम से अथवा ECINET ऐप और Voter Service Portal के जरिए 18 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र युवाओं को चिह्नित कर उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने और प्रपत्र-6 भरने में सहयोग देने की अपील की गई।
उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण एक सहभागी और पारदर्शी प्रक्रिया है। इसमें राजनीतिक दलों, उनके प्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी संबंधित पक्ष आपसी समन्वय के साथ सहयोग करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।
निर्वाचन संबंधी जानकारी एवं सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा “Voter Service Portal” (https://voters.eci.gov.in) और Voter Helpline App के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।
बैठक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 57-खरसावां विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-सह-अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

















