Jagannathpur : बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से मालुका पंचायत भवन में बाल अधिकार सुरक्षा मंच की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंच के जगन्नाथपुर विधानसभा अध्यक्ष मंजीत कोड़ा ने की। इस दौरान क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था, विद्यालयों में शिक्षकों की कमी और बच्चों को शिक्षा से जोड़े रखने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए मंजीत कोड़ा ने शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बच्चे देश के भविष्य की नींव हैं और इस नींव को मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है। यदि आज की युवा पीढ़ी शिक्षा से वंचित रह गई, तो इसका असर गांव, प्रखंड और देश के भविष्य पर पड़ेगा। इसलिए बच्चों को शिक्षा से जोड़े रखना और उन्हें बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल बच्चों के भविष्य का सवाल नहीं, बल्कि पूरे समाज के विकास का आधार है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अभाव में सामाजिक प्रगति भी प्रभावित होती है। ऐसे में बच्चों के अधिकारों की रक्षा और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने शिक्षा से जुड़ी समस्याओं को सामने लाने और उनके समाधान के लिए अभिभावकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा मंच के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मंच के विधानसभा उपाध्यक्ष सुरेश चंद्र हेस्सा ने कहा कि बाल अधिकार सुरक्षा मंच का विस्तार पंचायत से लेकर ग्राम स्तर तक किया जाएगा। प्रत्येक गांव में कम से कम 20 सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी है, उसे दूर करने के लिए प्रखंड से लेकर राज्य स्तर तक आंदोलन किया जाएगा। शिक्षा की नींव मजबूत करने के लिए अभिभावकों को भी मंच से जोड़कर व्यापक जनआंदोलन खड़ा करने की जरूरत है।
वहीं, मंच के सलाहकार रंजन गोप ने कहा कि बच्चों के अधिकार सुनिश्चित करने के लिए संगठन को मजबूत बनाना आवश्यक है। शिक्षा से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे और जरूरत पड़ने पर इन मुद्दों को राज्य स्तर तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक के दौरान बाल अधिकार सुरक्षा मंच की जगन्नाथपुर प्रखंड कमेटी का पुनर्गठन किया गया। नई कमेटी में निम्नलिखित सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई:
– अध्यक्ष: मनोज बोबोंगा
– सचिव: जुलियस हेम्ब्रम, मुखिया, करंजीय पंचायत
– उपाध्यक्ष: सुमन सिंकु
– महासचिव: रमेश प्रसाद वर्मा
– कोषाध्यक्ष: सुशीला नायक
बैठक में राई भूमिज, मनोज तिरिया, अम्बाई केराई, बेनी प्रसाद सिंकु, रंजन गोप, रीता देवी और मधुसूदन हेस्सा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

















