बहरागोड़ा के स्कूलों में सुरक्षित बचपन अभियान की शुरुआत, बच्चों को बताए गए कानूनी अधिकार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Ghatshila : बच्चों को उनके अधिकारों और कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), जमशेदपुर एवं अनुमंडल विधिक सेवा समिति, घाटशिला के तत्वावधान में सोमवार को सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नालसा द्वारा संचालित इस अभियान के अंतर्गत बहरागोड़ा प्रखंड के टीपीएस, डीएवी पब्लिक स्कूल और प्लस टू उच्च विद्यालय में विद्यार्थियों को बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में डालसा की ओर से लीगल एड डिफेंस काउंसिल के चीफ विदेश सिन्हा और डिप्टी चीफ राजेश कुमार श्रीवास्तव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को सरल एवं रोचक तरीके से बाल संरक्षण कानूनों और व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान बच्चों को बाल विवाह, बाल श्रम, साइबर सुरक्षा, गुड टच-बैड टच, मानव तस्करी और डायन प्रथा जैसी सामाजिक समस्याओं से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में बताया गया। इसके अलावा पॉक्सो अधिनियम और कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम से संबंधित पॉश अधिनियम की जानकारी भी दी गई।

विद्यार्थियों को समझाया गया कि किसी भी तरह के अनुचित व्यवहार या असुरक्षित स्थिति का सामना करने पर वे चुप न रहें, बल्कि किसी विश्वसनीय वयस्क, शिक्षक या अभिभावक से सहायता लें और उचित माध्यम से शिकायत करें।

कार्यक्रम में डालसा के कार्यों एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बच्चों को निःशुल्क विधिक सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 15100 तथा पुलिस सहायता के लिए 112 की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि जरूरत पड़ने पर इन माध्यमों से सहायता प्राप्त की जा सकती है।

वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण, शिक्षा, सम्मान और कानूनी संरक्षण प्राप्त होना चाहिए। बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना केवल प्रशासन की ही नहीं, बल्कि विद्यालय, परिवार और पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

डालसा के लीगल एड डिफेंस काउंसिल के चीफ विदेश सिन्हा ने बताया कि सुरक्षित बचपन अभियान की शुरुआत सोमवार से की गई है और यह 31 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा बाल संरक्षण के लिए विद्यालयों और समाज की भूमिका को मजबूत बनाना है।

कार्यक्रम में पीएलवी के रूप में आनंद साव, राजेश प्रहराज, बलिराम हेंब्रम, शंपा रानी, चंपा रानी साव, अनुराग साव, राजा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें