Adityapur : सरायकेला-खरसावां जिला समाहरणालय में शुक्रवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। उपायुक्त ने एक-एक कर शिकायतों की सुनवाई की और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
चौकीदार बहाली और लंबित वेतन भुगतान का मामला उठा
जनता दरबार में चौकीदार बहाली प्रक्रिया शुरू करने और पूर्व से कार्यरत चौकीदारों के लंबित वेतन भुगतान का मामला प्रमुखता से उठाया गया। इस पर उपायुक्त ने संबंधित स्थापना शाखा को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
आंगनबाड़ी सेविका चयन में अनियमितता की जांच का निर्देश
नीमडीह प्रखंड में आंगनबाड़ी सेविका के चयन में अनियमितता के आरोप से जुड़ी शिकायत पर उपायुक्त ने समाज कल्याण विभाग को जांच की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
वहीं, चांडिल प्रखंड के भुइयाडीह में जिला परिषद की सरकारी जमीन पर कथित अतिक्रमण की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने उप विकास आयुक्त को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
समयबद्ध और पारदर्शी कार्रवाई पर जोर
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।
जनता दरबार के माध्यम से जिला प्रशासन ने लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर संबंधित विभागों के जरिए उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल की।

















