Jamshedpur: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने शुक्रवार को समाहरणालय में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मतदाता सूची से संबंधित दावा-आपत्तियों के निष्पादन, आवेदनों के डिजिटाइजेशन और नोटिस से जुड़े मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में प्रपत्र-6, 6ए, 7 और 8 के तहत प्राप्त आवेदनों एवं दावा-आपत्तियों के डिजिटाइजेशन और उनके निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अलावा नो-मैपिंग और तार्किक विसंगति वाले मामलों में प्रथम एवं द्वितीय नोटिस के निष्पादन की प्रगति का भी आकलन किया गया।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित निगरानी करने और मतदाता पंजीकरण से जुड़े कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों का निष्पादन निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप समय पर सुनिश्चित किया जाए।
10 से कम आवेदन वाले मतदान केंद्रों पर विशेष ध्यान
समीक्षा के दौरान उन मतदान केंद्रों की प्रगति पर विशेष जोर दिया गया, जहां प्रपत्र-6 के तहत 10 से कम आवेदन प्राप्त हुए हैं। उपायुक्त ने अधिकारियों को ऐसे मतदान केंद्रों पर पात्र मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि योग्य मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया से वंचित न रहें।
बैठक में उन मतदाताओं की बूथवार सूची पर भी चर्चा की गई, जिनसे दो बार नोटिस की सुनवाई के बावजूद आवश्यक दस्तावेज प्राप्त नहीं हो सके हैं।
नवंबर के पहले सप्ताह में होगी बीएलओ-बीएलए-2 की पांचवीं बैठक
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नवंबर के पहले सप्ताह में बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और बूथ लेवल एजेंट-2 (बीएलए-2) की पांचवीं बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 के साथ संबंधित मतदाताओं की सूची साझा की जाएगी।
इसके साथ ही संबंधित मतदान केंद्रों पर भी सूची प्रकाशित की जाएगी, ताकि मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और प्रक्रिया पूरी करने में सहायता मिल सके।
समीक्षा बैठक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, अपर उपायुक्त, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर), उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

















