Saraikela : दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने जिले के वरीय अधिकारियों के साथ आदित्यपुर के प्रमुख पूजा पंडालों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, पार्किंग स्थलों और प्रतिमा विसर्जन स्थलों का संयुक्त औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की टीम ने आदित्यपुर स्थित जयप्रकाश उद्यान में बनाई गई अस्थायी पार्किंग व्यवस्था, प्रतिमा विसर्जन घाट और वहां तक पहुंचने वाले मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही, वाहनों की पार्किंग और भीड़ प्रबंधन से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की गई।
उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने पूजा पंडालों में प्रवेश एवं निकास द्वार, भीड़ नियंत्रण की योजना, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों, अग्निशमन यंत्रों, प्राथमिक उपचार की सुविधा और आपातकालीन निकास द्वार की उपलब्धता का भी जायजा लिया।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पूजा पंडालों में भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पुख्ता रखी जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था रोकने के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी पूरी मुस्तैदी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि दुर्गा पूजा को देखते हुए जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। भीड़भाड़ वाले इलाकों और पूजा पंडालों के आसपास सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने आम लोगों से पूजा के दौरान शांति और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की। साथ ही कहा कि किसी भी आपात स्थिति, संदिग्ध गतिविधि या परेशानी की जानकारी तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव भारद्वाज, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ), अंचल अधिकारी, आदित्यपुर थाना प्रभारी, यातायात थाना प्रभारी तथा आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
















