Guaa : गुवा पूर्वी पंचायत भवन में रविवार को मुखिया चांदमनी लागुरी की अध्यक्षता में बाल अधिकार सुरक्षा मंच की ओर से अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों को बाल अधिकार, नारी सशक्तिकरण तथा बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्लोगन लेखन, चित्रकला, भाषण और नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से उन्होंने नारी सशक्तिकरण, बालिकाओं के अधिकार और समाज में उनकी समान भागीदारी का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने बालिकाओं को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने, उनके अधिकारों की रक्षा करने और उनके प्रति होने वाले भेदभाव को समाप्त करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण, उचित शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर देकर ही एक सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा बालिकाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त और आत्मविश्वासी बनने के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर बाल अधिकार सुरक्षा मंच की टीम के सदस्य शंकर दास, बुलबुल साव, अनिल पान, कमली दास, पूनम कुमारी, अतीत बासिल लुगुन, कृष्णा गोप, चांदनी चातोम्बा, जुनूल चातोम्बा, सीबिरिय सोरेन और जानो चातर उपस्थित रहे। वहीं, वीएलई तापस दास तथा झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) की जेंडर सीआरपी गीता देवी ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
















