Manoharpur : गुवा गोलीकांड के अमर शहीदों की स्मृति में मंगलवार को सारंडा के सलाई एवं गोइलकेरा प्रखंड के डेरवां चौक स्थित शहीद वेदी पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी एवं मनोहरपुर विधायक जगत माझी ने शहीद वेदी पर श्रद्धासुमन अर्पित कर शहीदों के संघर्ष और बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी ने शहीद वेदी पर विधिवत नारियल फोड़कर पूजा-अर्चना की। दोनों ने शहीदों के संघर्ष और उनके बलिदान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
‘श्रद्धांजलि औपचारिकता नहीं, संघर्ष को याद करने का अवसर’
सांसद जोबा माझी ने कहा कि शहीदों को श्रद्धांजलि देना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके संघर्ष और कुर्बानी के उद्देश्यों को याद करने का अवसर है। जिन हक और अधिकारों के लिए लोगों ने आंदोलन किया और अपनी जान कुर्बान की, उस संघर्ष को आगे बढ़ाने के लिए सभी को एकजुट होकर संकल्प लेना होगा।
उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सांसद ने समाज के सभी समुदायों से आपसी एकता और भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि एकजुटता के माध्यम से ही क्षेत्र के हितों और लोगों के अधिकारों की रक्षा की जा सकती है।
‘जल, जंगल और जमीन से जुड़ा है हमारा अस्तित्व’
विधायक जगत माझी ने कहा कि जल, जंगल और जमीन से ही लोगों का अस्तित्व जुड़ा हुआ है और इसकी रक्षा करना सभी का धर्म है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ उन्हें जल, जंगल और जमीन पर उनका अधिकार दिलाने के लिए लगातार प्रयास किया जाना जरूरी है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में झामुमो जिला उपाध्यक्ष अकबर खान, मनोहरपुर प्रखंड अध्यक्ष सह जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव, संजीव गंताइत, राजू सिंह, विक्रम सिंह, किशोर कुमार खलखो, चंचल रवानी, सुखराम सांडिल, बामिया माझी, मोहम्मद तबारक, सुखमती कोड़ा, जानकी हेम्ब्रम, निखिल साह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

















