बच्चों को पढ़ाने के साथ उनसे तारतम्य बनाएं शिक्षक : सरयू राय

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि शिक्षक दिवस केवल एक दिन शिक्षकों के सम्मान तक सीमित नहीं होना चाहिए। जब तक बच्चे शिक्षकों से शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, तब तक उन्हें अपने गुरुजनों का भरपूर सम्मान करना चाहिए। वहीं, शिक्षकों को भी बच्चों के साथ बेहतर तारतम्य स्थापित कर शिक्षण कार्य करना चाहिए। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई में रुचि बढ़ेगी और वे सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल कर सकेंगे।

शिक्षक दिवस के अवसर पर वीणापाणि पाठशाला में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरयू राय ने कहा कि प्रत्येक बच्चे के परिवार की अपनी अलग सामाजिक और पारिवारिक पृष्ठभूमि होती है। शिक्षक यदि उस पृष्ठभूमि को समझते हुए बच्चों के साथ व्यवहार करें तो शिक्षा का प्रभाव और महत्व दोनों बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि जो शिक्षक बच्चों के साथ घुल-मिलकर संवाद स्थापित करते हैं, उनकी बातें विद्यार्थियों को अधिक सहजता से समझ में आती हैं।

मां, पिता और शिक्षक होते हैं बच्चे के प्रथम गुरु

सरयू राय ने कहा कि किसी भी बच्चे की पहली गुरु उसकी मां, दूसरे गुरु पिता और तीसरे गुरु शिक्षक होते हैं। इन तीनों की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण और महान है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि उनके पास जो भी ज्ञान और अनुभव है, उसे पूरी निष्ठा के साथ विद्यार्थियों के बीच बांटें। उन्होंने कहा कि ज्ञान बांटने से कम नहीं होता, बल्कि और बढ़ता है।

जल्द पूर्णकालिक विद्यालय के रूप में शुरू होगी वीणापाणि पाठशाला

विधायक ने कहा कि वीणापाणि पाठशाला को जल्द ही पूर्णकालिक विद्यालय के रूप में शुरू करने की योजना है। संभवतः अगले वर्ष से इसे पूर्णकालिक विद्यालय के रूप में संचालित किया जाएगा। इस कार्य की जिम्मेदारी उन्होंने विकास विद्यालय के विकास सिंह को सौंपी है।

विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए नृत्य, संगीत और अधिगम परिणाम

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत और अधिगम परिणाम से संबंधित प्रस्तुतियां दीं। नृत्य में मानवी, मधु, निकिता, अंकिता और सृष्टि ने भाग लिया। वहीं गीत की प्रस्तुति आर. अमनी, तारा, खुशबू और पी. लीला ने दी। अधिगम परिणाम की प्रस्तुति में वंशी और श्रुति ने शानदार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी अशोक गोयल, युगांतर भारती के अध्यक्ष अंशुल शरण, शिक्षक गोपाल जी, पूजा, दीपिका, अशोक कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.