झामुमो डुमरिया प्रखंड समिति की बैठक में संगठन विस्तार और खनन संशोधन विधेयक पर चर्चा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur  : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) डुमरिया प्रखंड समिति की ओर से शुक्रवार को विधायक कार्यालय, छोलागोड़ा में एक दिवसीय आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने तथा केंद्र सरकार के “खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026” को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में झामुमो जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ प्रखंड कमेटी के सदस्य, पंचायत समिति के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, महिला नेत्री एवं युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सोशल मीडिया को लेकर कार्यकर्ताओं को दिया प्रशिक्षण

बैठक के पहले सत्र में सोशल मीडिया कार्यशाला एवं प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इसमें कार्यकर्ताओं को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग, पार्टी की गतिविधियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को डिजिटल माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की जानकारी दी गई।

कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर संगठन की सक्रिय उपस्थिति मजबूत करने और पार्टी के कार्यक्रमों एवं जनसरोकार के मुद्दों को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने का आह्वान किया गया।

खनन संशोधन विधेयक पर हुआ मंथन

दूसरे सत्र में केंद्र सरकार के “खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026” पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। बैठक में विधेयक के विभिन्न प्रावधानों, खनन क्षेत्र पर इसके संभावित प्रभाव तथा इससे जुड़े अन्य पहलुओं पर कार्यकर्ताओं ने चर्चा की।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर तक कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर संगठन की गतिविधियों को गति देने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों, विचारधारा और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ जनता के बीच रखने का आह्वान किया।

बैठक की अध्यक्षता झामुमो डुमरिया प्रखंड समिति के अध्यक्ष मिर्जा सोरेन ने की। मौके पर जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति, अध्यक्ष भगत बास्के, सचिव जयपाल मुर्मू, उपाध्यक्ष अर्जुन मुर्मू, छात्र नेता उदय मुर्मू, भगत हांसदा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, महिला नेत्री एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के माध्यम से संगठन को पंचायत स्तर तक और अधिक सक्रिय बनाने तथा बदलते दौर में सोशल मीडिया को संगठनात्मक गतिविधियों का प्रभावी माध्यम बनाने पर जोर दिया गया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.