Jamshedpur : जमशेदपुर पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी का एक ऑटो भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दानिश अंसारी उर्फ राजा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और शहर के अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ चोरी सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, 20 अगस्त को कपाली थाना क्षेत्र के बागुनहातु चौक स्थित गुरुद्वारा मस्जिद के पास से मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। मामले को लेकर आजादनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी अनुसंधान के माध्यम से आरोपी की पहचान की।
जांच में आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिलने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए आजादनगर और कपाली थाना क्षेत्र में लगातार छापेमारी की जा रही थी।
इसी क्रम में पुलिस टीम नूर कॉलोनी रोड के पास वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान दानिश अंसारी उर्फ राजा को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया गया। मोटरसाइकिल जब्त कर पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू की।
निशानदेही पर चोरी का ऑटो बरामद
पूछताछ के दौरान आरोपी ने आजादनगर थाना क्षेत्र से एक ऑटो चोरी करने की बात भी स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कार्रवाई करते हुए चोरी का ऑटो भी बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, दानिश अंसारी उर्फ राजा के खिलाफ मानगो, सीतारामडेरा और आजादनगर थाना में चोरी सहित अन्य आपराधिक धाराओं के तहत पूर्व में मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड को खंगालने के साथ वाहन चोरी की अन्य घटनाओं में उसकी संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

















