साप्ताहिक जनता दरबार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सुनीं लोगों की समस्याएं

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur  : समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं अंचलों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए।

उपायुक्त ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में दिव्यांगता के आधार पर यूडीआईडी कार्ड, पंजी-2 में ऑनलाइन प्रविष्टि एवं म्यूटेशन रिवीजन, 1984 के सिख दंगा प्रभावित परिवारों को क्षतिपूर्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना में भूमि विवाद तथा अबुआ आवास योजना से जुड़े मामले सामने आए।

इसके अलावा गम्हरिया प्रखंड के जगन्नाथपुर पंचायत में वर्ष 2022-23 के भुगतान की जांच, नवज्योति स्कूल के समीप वर्ष 2018 में प्रस्तावित सड़क एवं नाला निर्माण को पूरा कराने, जलजमाव एवं कीचड़ की समस्या के समाधान तथा चौका-चाईबासा और कांड्रा-चांडिल मार्ग के निर्माण एवं मरम्मत से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए।

भूमि विवाद और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मामले भी पहुंचे

चौका थाना क्षेत्र के एक पार्क में जमीन की जबरन मापी एवं खरीद-बिक्री के लिए दबाव बनाए जाने की शिकायत भी उपायुक्त के समक्ष रखी गई। वहीं आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या-1 में नाली, पेयजल, प्रकाश एवं सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।

इसके अतिरिक्त मौजा आनंदपुर स्थित प्राचीन बाबा आश्रम के फेवर ब्लॉक एवं अन्य माध्यमों से सौंदर्यीकरण कराने सहित अन्य व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए।

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी मामलों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष एवं नियमानुसार कार्रवाई कर मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.