Manoharpur : चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) तरुण हुरिया ने बुधवार को मनोहरपुर रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। करीब 24 मिनट तक स्टेशन परिसर में रहकर उन्होंने अमृत भारत योजना के तहत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान DRM ने द्वितीय टिकट बुकिंग काउंटर सेंटर, नए भवन, पार्किंग क्षेत्र, सड़क निर्माण सहित अन्य निर्माणाधीन कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा की जानकारी ली।
गुणवत्ता से समझौता नहीं करने का निर्देश
DRM ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाए। सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के साथ निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
पत्रकारों से बातचीत में DRM तरुण हुरिया ने कहा कि अमृत भारत योजना के तहत मनोहरपुर रेलवे स्टेशन को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर बेहतर यात्री सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
घटिया सड़क निर्माण की शिकायत पर जांच का आश्वासन
मनोहरपुर रेल क्षेत्र में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर मिल रही शिकायतों पर DRM ने जांच का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि जांच के दौरान किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
DRM के औचक निरीक्षण के दौरान रेलवे के स्थानीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। उनके दौरे को लेकर स्टेशन परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच सक्रियता देखी गई।

















