Chaibasa : किरीबुरू-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग पर ओम शांति स्थल मंदिर से करीब एक किलोमीटर आगे सड़क पर गिरा पेड़ दुर्घटना को आमंत्रण दे रहा है। पेड़ को बीच से काटकर सड़क से हटाने का प्रयास किया गया है, लेकिन उसका आधा हिस्सा अब भी सड़क के एक हिस्से पर पड़ा हुआ है। इससे मार्ग आंशिक रूप से बाधित हो गया है और वाहन चालकों को आवाजाही के दौरान काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है।
घने कोहरे में बढ़ा खतरा
वर्षा ऋतु में इस मार्ग पर दिन-रात घना कोहरा छाया रहता है। खासकर रात के समय कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को सड़क साफ दिखाई नहीं देती। ऐसे में सड़क पर पड़ा पेड़ हादसे का बड़ा कारण बन सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, तेज हेडलाइट के बावजूद कोहरे में दृश्यता बेहद कम रहती है। यदि कोई वाहन चालक समय रहते सड़क पर पड़े पेड़ को नहीं देख पाया तो वाहन सीधे उससे टकरा सकता है। इससे गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
शेष हिस्सा तत्काल हटाने की मांग
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने संबंधित विभाग से सड़क पर पड़े पेड़ के शेष हिस्से को तत्काल हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि दुर्घटना होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय प्रशासन को समय रहते खतरे को दूर करना चाहिए।
लोगों ने मांग की है कि मार्ग का निरीक्षण कर पेड़ को पूरी तरह हटाया जाए, ताकि किरीबुरू-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग पर आवागमन सुरक्षित और सुचारु बना रहे।

















