भारी बारिश की आशंका को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur  : जिले में संभावित भारी एवं अत्यधिक वर्षा को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहते हुए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील इलाकों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया है।

भारी बारिश के कारण नदियों, डैम, तालाबों एवं अन्य जलाशयों का जलस्तर बढ़ने, जलजमाव, तेज जल प्रवाह और बाढ़ की आशंका को देखते हुए संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर नियमित निगरानी रखने को कहा गया है। आवश्यकता के अनुसार चेतावनी बोर्ड लगाने और स्थानीय स्तर पर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अंचल अधिकारियों को तटबंधों, पुल-पुलिया, जलजमाव वाले क्षेत्रों तथा प्रमुख आवागमन मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा गया है। किसी भी स्थान पर खतरे की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। जरूरत पड़ने पर अंचल स्तर पर कंट्रोल रूम अथवा आपदा नियंत्रण कक्ष स्थापित कर कर्मियों की ड्यूटी निर्धारित करने को भी कहा गया है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। नदियों, डैम, तालाबों और तेज जल प्रवाह वाले स्थानों से दूर रहें तथा जलजमाव वाले रास्तों से आवागमन न करें।

प्रशासन ने लोगों से किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए सतर्क रहने तथा आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को देने की अपील की है।

जिला प्रशासन ने बताया कि संभावित आपदा से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। किसी भी आकस्मिक स्थिति में संबंधित विभागों और बचाव दल के बीच समन्वय स्थापित कर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें