17 अगस्त की सामूहिक जलाभिषेक यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में, भूपेंद्र सिंह पुनः सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोनीत

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पवित्र श्रावण मास की तृतीय सोमवारी (17 अगस्त) को आयोजित होने वाली सामूहिक जलाभिषेक यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए रविवार को सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में सूर्य मंदिर समिति की आम सभा आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने की, जबकि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, पदाधिकारियों, वरिष्ठ सदस्यों, युवा एवं महिला सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

बैठक में जलाभिषेक यात्रा की संपूर्ण रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई। श्रद्धालुओं की सहभागिता, कलश वितरण, जलार्पण, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, भजन मंडली, झांकियां, प्रसाद वितरण तथा काशी के गंगा घाट की तर्ज पर आयोजित होने वाली महाआरती सहित विभिन्न तैयारियों की समीक्षा की गई।

इस दौरान समिति के सदस्य रमेश पांडेय ने आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसे आमसभा ने ध्वनिमत से पारित कर दिया। वहीं, वरिष्ठ सदस्य चंद्रशेखर मिश्रा ने भूपेंद्र सिंह को पुनः अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव रखा, जिसका उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से समर्थन किया। इसके साथ ही भूपेंद्र सिंह को पुनः सूर्य मंदिर समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया गया।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि सामूहिक जलाभिषेक यात्रा सामाजिक समरसता और धार्मिक आस्था का प्रतीक है, जो समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में जोड़ती है। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में इस पवित्र यात्रा में शामिल होने की अपील की।



समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह ने कहा कि यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक चेतना का भी प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि बाबा भोलेनाथ की कृपा और श्रद्धालुओं के सहयोग से इस वर्ष भी यात्रा भव्य एवं ऐतिहासिक होगी।

समिति अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि 17 अगस्त को सुबह 7 बजे सभी शिवभक्त बारीडीह बस्ती स्थित हरि मंदिर मैदान में एकत्र होंगे। वहां से जलपात्र में जल लेकर पैदल यात्रा करते हुए सिदगोड़ा सूर्यधाम शिवालय पहुंचेंगे, जहां सामूहिक जलाभिषेक किया जाएगा। जलाभिषेक के बाद सोन मंडप परिसर में महाप्रसाद का वितरण होगा। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र गंगाजल भी मंगवाया जा रहा है।

समिति के महासचिव अखिलेश चौधरी ने बताया कि तृतीय सोमवारी की संध्या 6 बजे काशी के गंगा घाट की तर्ज पर भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए वाराणसी से 15 सदस्यीय प्रशिक्षित मंडली पहुंचेगी, जो शंखध्वनि, दीपमालाओं, वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ महाआरती संपन्न कराएगी। कार्यक्रम के दौरान आकर्षक आतिशबाजी भी की जाएगी।

बैठक का संचालन महासचिव अखिलेश चौधरी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा ने दिया। इस अवसर पर लक्ष्मीकांत सिंह, शैलेश गुप्ता, सुशांत पांडा, शशिकांत सिंह, कंचन दत्ता, बोलटू सरकार, प्रमोद मिश्रा, कमलेश सिंह, दिनेश कुमार, गुंजन यादव, कुलवंत सिंह बंटी, राजन सिंह, कल्याणी शरण, पवन अग्रवाल, विकास सिंह, पप्पू सिंह, कुमार अभिषेक, पप्पू उपाध्याय, रंजीत सिंह, रितेश झा, बापन बनर्जी, विकास शर्मा, संतोष ठाकुर, सरस्वती साहू, मीरा झा, बिमला साहू, रीना तिवारी, नारायण पोद्दार, अनिकेत रॉय, निर्मल गोप, जसबीर सिंह, करफू पोद्दार सहित सैकड़ों सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें