दलमा इको रिट्रीट टूरिज्म कॉटेज का उद्घाटन, पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chandil: चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के माकूलाकोचा चेकनाका के समीप दलमा वाइल्डलाइफ सेंचुरी के पास निर्मित दलमा इको रिट्रीट टूरिज्म कॉटेज का उद्घाटन रविवार को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। राज्य के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू एवं ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने फीता काटकर पर्यटन परियोजना का शुभारंभ किया।

उद्घाटन समारोह में उपायुक्त नीतीश कुमार, पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी, एसडीओ नितिन शिवम गुप्ता, एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार, दलमा वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) सवा आलम अंसारी, रेंजर दिनेश चंद्रा, सांसद प्रतिनिधि मनोज महतो, काबलू महतो सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सरायकेला से आई छऊ नृत्य टीम ने अपनी आकर्षक प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। अतिथियों ने पर्यटन विभाग द्वारा विकसित नए इको रिट्रीट कॉटेज का निरीक्षण कर इसकी सुविधाओं का जायजा भी लिया।

उद्घाटन समारोह के दौरान उस समय कुछ देर के लिए हल्का विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब रांची सांसद एवं केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ का कटआउट उद्घाटन स्थल पर नहीं लगाए जाने पर सवाल उठाए गए। बाद में कटआउट लगाए जाने के बाद मामला शांत हो गया।

पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि राज्य सरकार दलमा क्षेत्र को एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग की पहल पर 30 स्थानीय युवाओं को मुंबई स्थित आईएचएम (इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट) में प्रशिक्षण दिलाया गया है। इन प्रशिक्षित युवाओं को राज्य के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय लोगों की आय बढ़ेगी तथा छोटे दुकानदारों, हस्तशिल्प कारोबारियों और अन्य स्थानीय व्यवसायियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें