Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय रविवार को भाटिया बस्ती के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने अशोक पथ, मंदिर पथ समेत आसपास के विभिन्न इलाकों का पैदल निरीक्षण कर स्थानीय लोगों की समस्याओं को करीब से जाना। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद किया और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का भरोसा दिलाया।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने बिजली आपूर्ति, जल निकासी, जर्जर नालियों, खराब सड़कों तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। लोगों ने बताया कि वर्षों से इन समस्याओं के कारण उन्हें रोजमर्रा की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक सरयू राय ने कहा कि भाटिया बस्ती एक घनी आबादी वाला क्षेत्र है, इसलिए इसके समग्र विकास के लिए इसे अलग इकाई के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल नालियों और बिजली व्यवस्था की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाएगा।
उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार के गठन के लगभग एक वर्ष बाद भी कई विभागों को विकास कार्यों के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध नहीं कराया गया, जिससे कई योजनाएं प्रभावित हुई हैं। हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दो-तीन दिनों में विभागों को राशि मिलने के बाद लंबित विकास कार्यों में तेजी आएगी।
सरयू राय ने कहा कि जमशेदपुर नगर निगम एवं टाटा स्टील के जुसको विभाग के सहयोग से भाटिया बस्ती में नागरिक सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया जाएगा। योजना के तहत बेहतर सड़कों का निर्माण, बड़े नालों का विकास, बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ खुले बिजली तारों को हटाकर पूरे क्षेत्र में भूमिगत केबलिंग की जाएगी, जिससे क्षेत्रवासियों को सुरक्षित, आधुनिक और बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

















