4 अगस्त को निकलेगी दिशोम गुरु शिबू सोरेन की ‘जोहार स्मृति यात्रा’, डिमना से चाकुलिया तक तय करेगी 80 किमी का सफर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की ओर से शनिवार को साकची स्थित सर्किट हाउस सभागार में जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन

की अध्यक्षता में संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया। प्रेस वार्ता में दिशोम गुरु एवं पद्मभूषण स्व. शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित होने वाली ‘पद्मभूषण दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन उनयुहार (स्मृति) जोहार यात्रा’ की विस्तृत जानकारी दी गई।

जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने बताया कि यह स्मृति यात्रा 4 अगस्त (मंगलवार) को अपराह्न 12:30 बजे बाबा तिलका मांझी चौक, डिमना से शुरू होगी। गुरुजी की प्रतिमा से सुसज्जित स्मृति रथ एवं वाहनों का विशाल काफिला लगभग 80 किलोमीटर की यात्रा करते हुए बिरसा मुंडा चौक, चाकुलिया पहुंचेगा।

यात्रा के दौरान नरगा चौक (एनएच-33), घाटशिला फूलडुंगरी चौक और धालभूमगढ़ चौक पर अल्प समय के लिए रथ को रोका जाएगा। इन स्थानों पर पहले से मौजूद झामुमो के नेता, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक गुरुजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देंगे। साथ ही झारखंड आंदोलन में गुरुजी के साथ सक्रिय भूमिका निभाने वाले पुराने आंदोलनकारियों को जिला समिति की ओर से सम्मानित किया जाएगा।

चाकुलिया स्थित बिरसा मुंडा चौक पहुंचने के बाद यह स्मृति यात्रा एक आमसभा में परिवर्तित होगी। सभा में पार्टी के वरिष्ठ नेता गुरुजी के जीवन संघर्ष, अलग झारखंड राज्य आंदोलन में उनके योगदान तथा उनके विचारों पर प्रकाश डालेंगे।

कार्यक्रम में जिले के सभी विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, केंद्रीय पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति सदस्य, महानगर संयोजक मंडली, महिला मोर्चा की पदाधिकारी, प्रखंड, पंचायत एवं शाखा स्तर के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की जानकारी दी गई।

प्रेस वार्ता में जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति, वरीय नेता खुद्दू उरांव, जिला कार्यालय सचिव प्रीतम हेंब्रम, सह कार्यालय सचिव सुशील हेंब्रम, अभय पांडेय, राजा पूर्ति एवं गोकुल मार्डी भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.