Jamshedpur: श्रावण मास के शुभारंभ के अवसर पर गुरुवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने बिष्टुपुर स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर में भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में उन्होंने प्रदेश, शहर और समस्त प्राणी मात्र के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ से सभी के जीवन में खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।
रुद्राभिषेक का आयोजन विद्वान आचार्य पंडित विनोद पांडेय के आचार्यत्व में संपन्न हुआ। पूरे अनुष्ठान के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा। श्रद्धालु “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ भगवान शिव की आराधना में लीन दिखाई दिए।
पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और शिवभक्तों ने अनुष्ठान में भाग लेकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
रुद्राभिषेक में प्रमुख रूप से शिवशंकर सिंह, अंशुल शरण, धर्मेंद्र तिवारी, अमित शर्मा, नीरज सिंह, साकेत, अशोक कुमार, असीम पाठक, विनीत, रत्नेश सिंह, सुनील सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह (झुन्ना), गोल्डन पांडेय सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
श्रावण मास के पहले दिन आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान ने मंदिर परिसर को भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर कर दिया, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।

















