4 लाख मोतियों से सजी राधा-कृष्ण की भव्य प्रतिमा वृंदावन रवाना, विधायक सरयू राय ने दिखाई हरी झंडी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : अपनी अद्भुत कलाकारी के लिए पहचान रखने वाले चित्रकार श्री विवेक मिश्रा ने श्रद्धा और कला का अनूठा संगम प्रस्तुत करते हुए 11 फीट ऊंची और 7 फीट चौड़ी भगवान राधा-कृष्ण की भव्य प्रतिमा तैयार की है। इस विशेष कलाकृति को करीब 4 लाख मोतियों से सुसज्जित किया गया है, जो इसे अपनी तरह का एक अनूठा और आकर्षक स्वरूप प्रदान करती है।

इस दिव्य प्रतिमा को लेकर श्री विवेक मिश्रा वृंदावन के लिए रवाना हुए, जहां वे इसे पूज्य संत प्रेमानंद जी महाराज को श्रद्धापूर्वक भेंट करेंगे। इस अवसर पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने उनकी बस को हरी झंडी दिखाकर यात्रा के लिए रवाना किया और इस अद्वितीय कला साधना की सराहना की।

सरयू राय ने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और कला का ऐसा अद्भुत समन्वय समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने विवेक मिश्रा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यह कृति न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश की कला प्रतिभा का परिचय देती है।

चित्रकार विवेक मिश्रा ने बताया कि इस विशाल प्रतिमा को तैयार करने में लंबे समय तक निरंतर परिश्रम, धैर्य और समर्पण लगा। उनका उद्देश्य केवल एक कलाकृति बनाना नहीं, बल्कि राधा-कृष्ण के प्रति अपनी भक्ति को कला के माध्यम से अभिव्यक्त करना था। उन्होंने विश्वास जताया कि पूज्य प्रेमानंद जी महाराज का आशीर्वाद उन्हें भविष्य में भी ऐसी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कृतियों के निर्माण के लिए प्रेरित करेगा।

4 लाख मोतियों से सजी यह भव्य प्रतिमा कला, आस्था और समर्पण का अद्भुत उदाहरण मानी जा रही है और वृंदावन में इसके पहुंचने को लेकर श्रद्धालुओं एवं कला प्रेमियों में भी उत्साह का माहौल है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.