विजय श्री ऑटो कॉम के मजदूरों की मांगों पर बनी सहमति, झामुमो के धरना-प्रदर्शन के बाद न्यूनतम मजदूरी, PF-ESI समेत कई फैसले

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Saraikela : गम्हरिया स्थित विजय श्री ऑटो कॉम लिमिटेड के मजदूरों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा आयोजित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन के बाद मजदूर हित में महत्वपूर्ण सहमति बनी। आंदोलन के दौरान मजदूर प्रतिनिधियों, कंपनी प्रबंधन एवं संबंधित पक्षों के बीच हुई सार्थक वार्ता के पश्चात कई अहम मांगों पर सहमति बनी, जिससे श्रमिकों में संतोष का माहौल है।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि कंपनी में न्यूनतम मजदूरी लागू की जाएगी। इसके साथ ही कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाएगा ताकि श्रमिक सुरक्षित वातावरण में कार्य कर सकें। सभी पात्र मजदूरों को भविष्य निधि (PF) एवं कर्मचारी राज्य बीमा (ESI) का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा सरकारी नियमों के अनुरूप बोनस का भुगतान करने पर भी सहमति बनी।

वार्ता में यह भी तय किया गया कि मजदूरों को उनकी योग्यता एवं कार्य के आधार पर Unskilled, Semi-Skilled, Skilled एवं Highly Skilled श्रेणियों के अनुसार निर्धारित मजदूरी का भुगतान किया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन के दौरान झामुमो नेताओं ने कहा कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा, सम्मानजनक वेतन और बेहतर कार्य परिस्थितियां सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में श्रमिक हितों की अनदेखी की गई तो संगठन मजदूरों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।

धरना-प्रदर्शन के सफल समापन के बाद श्रमिकों ने लिए गए निर्णयों का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि कंपनी प्रबंधन सहमति के सभी बिंदुओं को शीघ्र लागू करेगा। झामुमो ने भी मजदूर हितों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि श्रमिकों की आवाज़ को मजबूती देना ही संगठन का संकल्प है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.