Adityapur : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की जिला कार्यसमिति की एक दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक रविवार को राजनगर प्रखंड के बाघराईसाईं स्थित माझी महाल भवन में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने तथा पार्टी में अनुशासन बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए झारखंड सरकार के भू-राजस्व मंत्री दीपक बिरवा ने कहा कि पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में दिशोम गुरु शिबू सोरेन, शहीद निर्मल महतो तथा दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन की स्मृति में जिला स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वरिष्ठ झामुमो नेता प्रो. केपी सोरेन ने कहा कि संगठनात्मक बैठकों से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन के साथ जनता के बीच सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष शुभेंदु महतो ने सभी प्रखंड अध्यक्षों को एक माह के भीतर बूथ कमेटियों का पुनर्गठन कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लगातार तीन बैठकों में अनुपस्थित रहने वाले पदाधिकारियों का पद तत्काल प्रभाव से निरस्त करने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में 4 अगस्त को दिशोम गुरु शिबू सोरेन से संबंधित विशेष कार्यक्रम, 8 अगस्त को शहीद निर्मल महतो शहादत दिवस तथा 15 अगस्त को पूर्व मंत्री रामदास सोरेन की पुण्यतिथि पर सभी प्रखंड कार्यालयों में श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में खरसावां विधायक दशरथ गागराई, ईचागढ़ विधायक सविता महतो, केंद्रीय सदस्य गणेश महाली, गणेश चौधरी, सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष भुगलु सोरेन, वरिष्ठ नेता कालीपद सोरेन सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

















