भाजपा ने जमशेदपुर के 28 मंडलों में सुना प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ का 136वां संस्करण

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण का रविवार को भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर द्वारा चारों विधानसभा क्षेत्रों के 28 मंडलों के विभिन्न बूथों पर सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी विचारों को सुना और उन्हें जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सांसद विद्युत वरण महतो, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह, महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के संबोधन को गंभीरता से सुना और राष्ट्रहित के अभियानों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प व्यक्त किया।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कारगिल विजय दिवस पर मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस और पराक्रम को नमन किया। उन्होंने जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान तथा आगामी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। साथ ही स्वदेशी रक्षा उत्पादन, आईएनएस महेंद्रगिरि जैसी उपलब्धियों और कॉमनवेल्थ खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए युवाओं को देश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच, राष्ट्रप्रेम और जनभागीदारी की भावना को निरंतर मजबूत कर रहा है। प्रधानमंत्री प्रत्येक माह समाज के अनदेखे नायकों, नवाचारों और जनहित के प्रयासों को राष्ट्रीय मंच देकर करोड़ों लोगों को प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम विकसित भारत के निर्माण में जनसहभागिता का प्रभावी माध्यम बन चुका है।

भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री का प्रत्येक संदेश कार्यकर्ताओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा, संगठन और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और समाजहित व राष्ट्रहित के अभियानों में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है।

जिला कार्यालय में पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, बबुआ सिंह, अमरजीत सिंह राजा, राजीव सिंह, संजीत चौरसिया, अमित सिंह, किशोर ओझा, प्रकाश दुबे, शैलेश सिंह, चिंटू सिंह, राज सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

वहीं, जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के बारीडीह मंडल अंतर्गत शक्ति केंद्र हिंदुस्तान मित्र मंडल में बूथ संख्या 225, 226, 227 एवं 228 के कार्यकर्ताओं के साथ विधायक पूर्णिमा साहू ने भी प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया।

इस अवसर पर विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल रेडियो संवाद नहीं, बल्कि समाज को प्रेरित करने वाला एक जनआंदोलन बन चुका है। प्रधानमंत्री देश के कोने-कोने में हो रहे प्रेरणादायी कार्यों और सामान्य नागरिकों के असाधारण प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान देकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नई ऊर्जा का संचार कर रहे हैं।

कार्यक्रम में बारीडीह मंडल अध्यक्ष कुमार अभिषेक, संतोष ठाकुर, अवध किशोर चौधरी, मुकेश चौधरी, रंजीत सिंह, मीरा झा, निर्मल गोप, छक्कन चौधरी, रिंकू पांडेय, अनिकेत रॉय, कुमार आशुतोष, देवराज मुखी, सुशील शर्मा, राहुल मुखी, संतोष कुमार, अभिजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें