Jamshedpur : जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो ने रविवार को डुमरिया प्रखंड की बड़ाकांजीया पंचायत अंतर्गत रांगामटिया गांव में सांसद निधि से स्वीकृत ग्राम चौपाल निर्माण कार्य का नारियल फोड़कर विधिवत शिलान्यास किया।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए सांसद बिद्युत बरण महतो ने कहा कि ग्राम चौपाल ग्रामीणों के सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक कार्यक्रमों का प्रमुख केंद्र बनेगा। इसके निर्माण से गांव के लोगों को बैठक, सामाजिक आयोजन तथा विभिन्न सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दे रही है और ग्राम चौपाल का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे ग्रामीणों को एक व्यवस्थित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा, जहां सामाजिक और विकासात्मक गतिविधियों का संचालन सुगमता से किया जा सकेगा।
कार्यक्रम में भाजपा नेता दिनेश साव, सांसद प्रतिनिधि बसंत मदीना, प्रखंड अध्यक्ष दिलीप पांडा, सुशील बारीक, सुशील गिरी, राहुल गिरी, सुनील साव, हिमांशु राणा, गुलांच महाकुड़ सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने ग्राम चौपाल निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सांसद का आभार जताया।
















