Jamshedpur : बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ द्वारा आयोजित नि:शुल्क कांवर यात्रा के लिए कदमा स्थित रंकनी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ पंजीयन प्रक्रिया का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष शिवभक्त उपस्थित हुए। सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से भगवान शिव की पूजा कर यात्रा के सफल आयोजन की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान कदमा क्षेत्र में पंजीयन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के लिए संघ के कार्यकर्ताओं के मोबाइल नंबरों वाले पोस्टर का भी विमोचन किया गया, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु यात्रा से जुड़ सकें।
पंजीयन कार्यक्रम का शुभारंभ करने पहुंचे बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने बताया कि 9 अगस्त को जमशेदपुर से 1,000 शिवभक्त सुल्तानगंज के लिए रवाना होंगे। वहां से सभी श्रद्धालु गंगाजल लेकर पैदल देवघर पहुंचेंगे और बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य ऐसे श्रद्धालुओं को नि:शुल्क कांवर यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक, पारिवारिक, अकेलेपन या अनुभव की कमी के कारण बाबा बैद्यनाथ धाम नहीं जा पाते हैं। संघ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर सुरक्षित एवं व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करता है।
विकास सिंह ने बताया कि यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और पंजीयन लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर पंजीयन किया जा रहा है।
इस अवसर पर विकास सिंह, किशोर बर्मन, विक्रम यादव, छोटेलाल सिंह, भावेश कुमार, पिंकी पाल, समीर सुमन, सुरेश प्रसाद, कमलेश सिंह, राहुल गुप्ता, देवी बारिक, कोमल मिश्रा, सुनीता भुईयां, फुलमती देवी, एस. भूमिका, नीलम कुमारी, पूनम वर्मा, गीता देवी, भारती गोप, राजू केशरी, प्रतिमा केशरी, यमुना सिंह, लक्खी देवी, बसंती पाल, कृष्णा प्रसाद, रीना देवी सहित सैकड़ों शिवभक्त उपस्थित रहे।
















