जादूगोड़ा। जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामले में बीती रात चोरों ने आसनबनी पंचायत के वीरग्राम निवासी विकास दास के घर के बाहर खड़े दो ट्रैक्टरों को निशाना बनाते हुए उनमें लगी दो बैटरियां और दो सेल्फ मोटर चोरी कर ली। चोरी गई संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित विकास दास ने जादूगोड़ा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और अज्ञात चोरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। उनका आरोप है कि रात के समय सक्रिय चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व भी आसनबनी क्षेत्र में एक ही रात तीन घरों में चोरी की बड़ी घटना हुई थी। उस दौरान चोरों ने अलमारियों के ताले तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के आभूषण और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि उस मामले का अब तक खुलासा नहीं हो सका है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने तथा अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि लोगों में सुरक्षा का विश्वास बहाल हो सके।

















