Jamshedpur : नीट (NEET) परीक्षा में कथित पेपर लीक और इसके विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है और इसे किसी भी सूरत में उचित नहीं ठहराया जा सकता।
जारी बयान में विक्टर सोरेन ने कहा कि देश के लाखों छात्र वर्षों की कठिन मेहनत और संघर्ष के बाद डॉक्टर बनने का सपना देखते हैं, लेकिन लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने उनकी उम्मीदों को गहरा आघात पहुंचाया है। उनका आरोप है कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के बजाय सरकार युवाओं की आवाज़ को दबाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्र शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें रख रहे थे, लेकिन उनके साथ कथित तौर पर की गई सख्ती बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और इस अधिकार का दमन लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक संकेत है।
झामुमो जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पेपर लीक के लिए जिम्मेदार तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के बजाय न्याय की मांग कर रहे छात्रों को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
विक्टर सोरेन ने कहा कि देश का युवा अब अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो चुका है और भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो झारखंड सहित देशभर में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार स्वयं जिम्मेदार होगी।

















