Jamshedpur: स्वदेशी जागरण मंच की ‘पर्यावरण पहल’ अभियान के तहत शिवम शिल्प कला केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में बागबेड़ा के मतलाडीह स्थित साईं सरस्वती इंग्लिश स्कूल में सोमवार को पर्यावरण जागरूकता संगोष्ठी सह वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों के महत्व और प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद आयोजित संगोष्ठी में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और प्रकृति के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
स्वदेशी जागरण मंच के जिला पर्यावरण प्रमुख संजय अग्रवाल ने रोचक प्रतियोगिताओं और संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा ध्वनि, वायु एवं अन्य प्रकार के प्रदूषण को रोकने के लिए जागरूक रहने का आह्वान किया।
पर्यावरण पहल के महानगर संयोजक मनोज सिंह ने प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग से पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए इसके विकल्प अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्लास्टिक के उपयोग पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर पर्यावरणीय संकट का सामना करना पड़ेगा। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का सामूहिक संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया तथा लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। विद्यालय की सचिव जयंती शांता ने तीन माह बाद पुनः इस अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह करते हुए आश्वस्त किया कि विद्यालय परिसर में लगाए गए सभी पौधों का समुचित संरक्षण किया जाएगा।
कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय सह संयोजक वंदे शंकर, महानगर संयोजक मनोज सिंह, झारखंड प्रांत के पर्यावरण प्रमुख सह नेचुरोपैथी विशेषज्ञ संजय अग्रवाल, प्रांत पर्यावरण प्रमुख डॉ. अनिल राय, विभाग सह विचार प्रमुख किरणजीत कौर, जिला विचार विभाग प्रमुख अशोक कुमार, जिला कार्यालय प्रमुख मनोज सलूजा, जिला सह पर्यावरण प्रमुख विनय शर्मा, युवा प्रमुख अखिल सिंह, सुमित, रमेश, सुरेंद्र प्रजापति, शिवम शिल्प कला केंद्र की अध्यक्ष मधु सिंह, ममता, निशा सिंह, सोनू बिस्वाल, चमन गिल एवं माधुरी देवी सहित स्वदेशी जागरण मंच और शिवम शिल्प कला केंद्र के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की सफलता में साईं सरस्वती इंग्लिश स्कूल के अध्यक्ष जयंती रमन, सचिव जयंती शांता, प्राचार्य अशोक घोष तथा विद्यालय के सभी शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनिल राय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मधु सिंह ने प्रस्तुत किया।

















