जमशेदपुर में बढ़ते अपराध पर चैंबर की चिंता, डीजीपी को भेजा सुझाव-पत्र

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के कोल्हान क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विजय आनंद मुनका ने जमशेदपुर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए झारखंड की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा को एक विस्तृत सुझाव-पत्र भेजा है। उन्होंने शहर में बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और व्यापारिक माहौल को सुरक्षित एवं विश्वासपूर्ण बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं।

अपने पत्र में विजय आनंद मुनका ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में शहर में लूट, छिनतई, गोलीबारी, चाकूबाजी, मारपीट सहित अन्य आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है। इससे आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारिक समुदाय में भी भय और असुरक्षा का वातावरण बना हुआ है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति का असर व्यापार, निवेश और औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर भी पड़ रहा है।

चैंबर ने दिए ये प्रमुख सुझाव

  • जमशेदपुर में ऐसे अनुभवी पुलिस अधिकारियों की पदस्थापना की जाए, जिन्होंने पहले शहर में कार्य किया हो और स्थानीय भौगोलिक, सामाजिक, राजनीतिक तथा आपराधिक परिस्थितियों की बेहतर समझ रखते हों।
  • टाइगर मोबाइल पुलिस की नियमित एवं प्रभावी गश्त सुनिश्चित की जाए तथा प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में इसकी स्थायी तैनाती दोबारा शुरू की जाए।
  • रात्रिकालीन पुलिस गश्त की संख्या और प्रभावशीलता बढ़ाई जाए, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
  • पुलिस–पब्लिक समन्वय समिति का पुनर्गठन कर उसमें प्रतिष्ठित व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जागरूक नागरिकों को शामिल किया जाए, जिससे पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास कायम हो सके।

विजय आनंद मुनका ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय जनहित, व्यापार हित एवं राज्यहित को प्राथमिकता देते हुए इन सुझावों पर गंभीरता से विचार करेंगे और शीघ्र प्रभावी कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा नागरिकों और व्यापारियों का पुलिस प्रशासन पर विश्वास भी बढ़ेगा।

उन्होंने बताया कि इस सुझाव-पत्र की प्रतिलिपि एडीजी (मुख्यालय), जोनल आईजी, डीआईजी कोल्हान तथा वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को भी भेजी गई है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.