Potka : पोटका स्थित एफसीआई गोदाम में श्रमिकों और गोदाम प्रबंधन के बीच लंबे समय से चला आ रहा गतिरोध बुधवार को आपसी सहमति से समाप्त हो गया। गोदाम परिसर में आयोजित बैठक में सभी पक्षों ने खाद्यान्न उठाव तत्काल शुरू करने तथा भविष्य में इस तरह की स्थिति से बचने के लिए स्थायी समाधान निकालने पर सहमति व्यक्त की।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री की पुत्री दुखनी सोरेन, गोदाम प्रबंधक विशाल राय, मार्केटिंग ऑफिसर मनीषा कुमारी, पोटका जन वितरण प्रणाली संघ के अध्यक्ष अनवर अली तथा श्रमिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पोटका क्षेत्र के करीब 40 हजार राशन कार्डधारियों तक समय पर खाद्यान्न पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता बताया गया। श्रमिकों के बिना पूर्व सूचना अवकाश पर चले जाने से राशन उठाव प्रभावित होने के मुद्दे पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि खाद्यान्न उठाव में हो रही देरी को देखते हुए जुलाई माह का राशन उठाव तत्काल शुरू किया जाएगा। साथ ही 1 से 7 अगस्त के बीच श्रमिकों, गोदाम प्रबंधन और जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) डीलरों के साथ अलग बैठक कर सभी लंबित समस्याओं का स्थायी समाधान तलाशा जाएगा।
बैठक में यह भी सहमति बनी कि दोनों पक्षों द्वारा थाना में एक-दूसरे के विरुद्ध दिए गए लिखित आवेदन वापस ले लिए जाएंगे, ताकि आपसी सहयोग और समन्वय के साथ कार्य आगे बढ़ सके।
बैठक के बाद श्रमिकों और गोदाम प्रबंधन ने विश्वास जताया कि अब राशन वितरण में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी तथा क्षेत्र के सभी पात्र राशन कार्डधारियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा।

















