धालभूमगढ़ के ऐतिहासिक काला पत्थर स्थल पर श्रद्धा का सैलाब, विधायक सोमेश सोरेन ने की पूजा-अर्चना

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Dhalbhumgarh : धालभूमगढ़ प्रखंड के ऐतिहासिक देवशौल गांव के समीप स्थित आस्था के केंद्र काला पत्थर (काली पहाड़ी) स्थल पर बुधवार को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान उपयोग में लाई गई हवाई पट्टी के निकट स्थित यह धार्मिक स्थल वर्षों से स्थानीय लोगों की गहरी आस्था का केंद्र रहा है।

पूजा कार्यक्रम का आयोजन ग्राम प्रधान दाखिन हांसदा के नेतृत्व में तथा झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रखंड कमेटी की देखरेख में किया गया। आयोजन में 12 मौजा के ग्रामीणों सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि घाटशिला विधानसभा के विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने पूजा स्थल पहुंचकर श्रद्धापूर्वक माथा टेका और क्षेत्रवासियों की खुशहाली एवं समृद्धि की प्रार्थना की। उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और क्षेत्रीय विकास से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की।

इस अवसर पर झामुमो के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें जगदीश भगत, काजल डॉन, सौरभ बॉस, जिला उपाध्यक्ष प्रणव कुमार महतो, विधायक प्रतिनिधि सह प्रखंड अध्यक्ष अर्जुन चंद्र हासदा, धीरेन पाल, प्रदीप राय, चेतन मुर्मू, सुबोध मुर्मू और सुशील सोरेन प्रमुख रूप से शामिल थे।

पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने अपनी मन्नत पूरी होने पर स्थानीय परंपरा के अनुसार भेड़, बकरा और मुर्गा अर्पित कर अपनी आस्था प्रकट की। (यह स्थानीय धार्मिक परंपरा का हिस्सा है।)

पूजा के बाद पूरे परिसर में मेले जैसा माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने विभिन्न दुकानों का आनंद लिया। विधायक सोमेश चंद्र सोरेन भी आम लोगों के बीच पहुंचे और स्थानीय मेले में गुपचुप (पानी-पुरी) का स्वाद लेते हुए लोगों से आत्मीय संवाद किया।

धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और जनसहभागिता का यह आयोजन क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति और सामाजिक एकता का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें