Jamshedpur : बारीडीह स्थित विजया गार्डन्स क्लब हाउस रेस्टोरेंट में रविवार को खुशहाल ग्रुप का सातवां गेट-टुगेदर उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। शाम 7:30 बजे से रात 10:30 बजे तक चले इस कार्यक्रम में ग्रुप के वरिष्ठ नागरिकों, पड़ोसियों और मित्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत ग्रुप के वरिष्ठ सदस्य आर. जे. राव ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत कर की। इसके बाद पार्थ मुखोपाध्याय, अंजन चटर्जी, चरणजीत शर्मा, भारती राव एवं असित चटर्जी ने हिंदी गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।
आयोजन के दौरान एक रोचक क्विज़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में खुशहाल ग्रुप के कुल 50 सदस्यों में से 35 सदस्य शामिल हुए।
ग्रुप के सदस्यों ने बताया कि खुशहाल ग्रुप का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों और अन्य सदस्यों को खुशहाल, सक्रिय एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा आवश्यकता पड़ने पर एक-दूसरे की हरसंभव सहायता करना है।
कार्यक्रम का सफल संचालन अविनाश कुमार ने किया, जबकि गौतम बनर्जी और आर. जे. राव ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर बताया गया कि खुशहाल ग्रुप का अगला कार्यक्रम “खुशहाल सावन गेट-टुगेदर” आगामी 24 अगस्त को विजया गार्डन्स क्लब हाउस रेस्टोरेंट में आयोजित किया जाएगा।








