Himanshu Singh Murder Case : करणी सेना प्रमुख ने परिजनों से की मुलाकात, एसआईटी जांच की मांग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : जमशेदपुर के बिष्टुपुर में चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार से मिलने के लिए रविवार को राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत हरिओम नगर स्थित आवास पहुंचे। उन्होंने हिमांशु सिंह के तेरहवीं संस्कार के अवसर पर शोकाकुल पिता एवं अन्य परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में डॉ. राज शेखावत ने झारखंड सरकार और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस पेट्रोलिंग की मौजूदगी में इस तरह की घटना होना राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों में पुलिस का भय समाप्त हो चुका है।

लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग

डॉ. शेखावत ने कहा कि घटना के समय मौके पर मौजूद लापरवाह पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

एसआईटी गठित कर निष्पक्ष जांच की मांग

करणी सेना प्रमुख ने पीड़ित परिवार को मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कराने की मांग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि एसआईटी में एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश को भी शामिल किया जाना चाहिए, ताकि पूरे मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके।

हालांकि, हिमांशु सिंह के पिता ने कहा कि वे अब तक की पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट हैं, लेकिन उन्होंने घटना से जुड़े कुछ अन्य व्यक्तियों एवं संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।

डॉ. शेखावत ने कहा कि इस मामले में निष्पक्ष जांच बेहद आवश्यक है, ताकि दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिले और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इस अवसर पर करणी सेना महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता संगीता सिंह, संगठन के कई पदाधिकारी, सदस्य, स्थानीय नागरिक एवं प्रबुद्धजन मौजूद रहे। सभी ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग दोहराई।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.