पाण्ड्रा पंचायत भवन में लर्नर लाइसेंस शिविर, 60 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Saraikela: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला परिवहन कार्यालय की ओर से गुरुवार को सरायकेला प्रखंड के पंचायत भवन, पाण्ड्रा में लर्नर लाइसेंस (Learner Licence) के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन जिला परिवहन पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव की उपस्थिति में किया गया।

शिविर में छोटा दावना, मुड़कुम, नुवागांव, पठानमारा, गोविंदपुर, पाण्ड्रा और ईटाकुदर पंचायतों के उन आवेदकों की लर्नर लाइसेंस संबंधी प्रक्रिया पूरी कराई गई, जिन्होंने पूर्व में ऑनलाइन स्लॉट बुक कराया था। इस दौरान दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन की जांच तथा लर्नर लाइसेंस परीक्षा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार संपन्न कराई गई।

शिविर के लिए कुल 105 अभ्यर्थियों ने स्लॉट बुक कराया था। इनमें 60 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल, 20 असफल रहे, जबकि 25 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

शिविर के दौरान परिवहन विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को लर्नर लाइसेंस एवं ड्राइविंग लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, स्लॉट बुकिंग, शुल्क भुगतान तथा विभाग की विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति भी जागरूक किया गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी-सह-अंचल अधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव ने नागरिकों से परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी वाहन चालक वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहन चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का भी आग्रह किया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें