Chaibasa : राष्ट्रीय डॉक्टर डे के अवसर पर रोटरेक्ट क्लब, चाईबासा ने शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों को सम्मानित कर उनके समर्पण, सेवा भावना और समाज के प्रति योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। क्लब के सदस्यों ने विभिन्न अस्पतालों, निजी क्लीनिकों और कार्यालयों में पहुंचकर डॉक्टरों को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए।
इस अवसर पर डॉ. विजय मूंदड़ा, डॉ. वीणा मूंदड़ा, डॉ. संजीव तिरिया, सिविल सर्जन डॉ. जुझार मांझी, डॉ. अरुण कुमार, डॉ. मानसी संतरा, डॉ. आर. के. सिंह, डॉ. रानू सिंह, डॉ. भास्कर भूषण तथा डॉ. जगन्नाथ हेम्ब्रोम को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। रोटरेक्ट क्लब ने कहा कि यह सम्मान समाज के प्रति चिकित्सकों की निस्वार्थ सेवा और उनके अमूल्य योगदान के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है।
कार्यक्रम का नेतृत्व क्लब के नव-मनोनीत अध्यक्ष रोटरैक्टर विकाश गुप्ता और सचिव रोटरैक्टर सौरभ गुप्ता ने किया। इस दौरान रोटरैक्टर सौरभ भगत और रोटरैक्टर कन्हैया पांडेय भी पूरे कार्यक्रम में सक्रिय रूप से मौजूद रहे। नई टीम ने चिकित्सकों से व्यक्तिगत मुलाकात कर उन्हें डॉक्टर डे की शुभकामनाएं दीं और उनके योगदान के लिए सम्मानित किया।
इस अवसर पर क्लब के सदस्यों ने कहा कि डॉक्टर केवल मरीजों का इलाज ही नहीं करते, बल्कि समाज में आशा, विश्वास और जीवन की नई ऊर्जा का संचार भी करते हैं। विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में चिकित्सकों द्वारा निभाई गई जिम्मेदारियां उन्हें समाज का वास्तविक प्रेरणास्रोत बनाती हैं।
रोटरेक्ट क्लब ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह का उद्देश्य चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों के प्रति समाज में सम्मान और कृतज्ञता की भावना को और मजबूत करना है। कार्यक्रम की शहरवासियों और चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों ने भी सराहना की।









