Rajnagar : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जोनबनी पंचायत भवन के समीप रविवार को तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया। घायल की पहचान धुरिपदा पंचायत के चांवराडीह गांव निवासी साहिल टुडू के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है।









