Manoharpur : ओडिशा के राउरकेला से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सुंदरगढ़ जिले के बिसरा थाना क्षेत्र में कथित तौर पर एकतरफा प्रेम प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज एक युवक ने 27 वर्षीय युवती पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी युवती का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार तड़के युवती अपने घर के कमरे में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी राजत किरो कथित रूप से घर में घुसा और उस पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी युवती की चीख-पुकार सुनकर परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाकर उसे बाहर निकाला।
गंभीर रूप से झुलसी युवती को पहले राउरकेला सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे बुर्ला स्थित वीआईएमएसएआर (VIMSAR) रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि लगभग 200 किलोमीटर की दूरी तय कर अस्पताल पहुंचने के बावजूद वहां बेड उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके बाद युवती को वापस राउरकेला लाकर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार युवती करीब 60 से 70 प्रतिशत तक झुलस गई है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजत किरो को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला एकतरफा प्रेम और पूर्व नियोजित हमले का प्रतीत हो रहा है। मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।









