बायोमेट्रिक व्यवस्था के विरोध में संयुक्त यूनियन ने फूंका सेल प्रबंधन का पुतला

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Guwa : सेल प्रबंधन द्वारा बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू करने के प्रस्ताव के विरोध में शनिवार को गुवा स्थित सेल जनरल ऑफिस के समक्ष संयुक्त यूनियन के बैनर तले प्रदर्शन किया गया। इस दौरान यूनियन नेताओं और कर्मचारियों ने सेल प्रबंधन का पुतला दहन कर अपनी नाराजगी व्यक्त की।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सेलकर्मी, ठेका श्रमिक तथा विभिन्न श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की आपत्तियों और चिंताओं को नजरअंदाज करते हुए बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था लागू करने की कोशिश की जा रही है, जिसका वे विरोध करते हैं।

झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने कहा कि बायोमेट्रिक व्यवस्था से संबंधित मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने बताया कि न्यायालय द्वारा 15 जून तक यथास्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। ऐसे में अंतिम निर्णय आने से पहले इस व्यवस्था को लागू करना उचित नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि संयुक्त यूनियन न्यायालय के निर्णय का सम्मान करती है और आगे भी करेगी, लेकिन जब तक अंतिम फैसला नहीं आ जाता, तब तक बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू करने के किसी भी प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा।

यूनियन नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े किसी भी निर्णय में उनकी राय को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने प्रबंधन से आग्रह किया कि न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए विवादित व्यवस्था को फिलहाल स्थगित रखा जाए।

प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों ने नारेबाजी कर अपनी मांगों को बुलंद किया और चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की भावनाओं की अनदेखी की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

कार्यक्रम में विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, यूनियन पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन श्रमिक संगठनों ने स्पष्ट कर दिया कि वे अपने अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें