Chandil : विधायक सविता महतो ने गुरुवार को विधायक मद से निर्मित कुल 32 लाख 93 हजार 300 रुपये की लागत वाली चार विकास योजनाओं का शिलापट्ट अनावरण एवं लोकार्पण किया। इनमें नीमडीह प्रखंड के विभिन्न गांवों में तीन पीसीसी सड़कें तथा चांडिल प्रखंड में एक सामुदायिक भवन शामिल है।
लोकार्पित योजनाओं में सामानपुर गांव में आरईओ रोड से सुकूराम टुडू के घर तक लगभग 5.10 लाख रुपये की लागत से निर्मित 350 फीट पीसीसी सड़क, हेवेन गांव में जागरण मांझी के घर से गोपाल मांझी के घर तक लगभग 5.75 लाख रुपये की लागत से बनी 400 फीट पीसीसी सड़क तथा झिमड़ी गांव में हनुमान मंदिर से साधु महतो के घर तक लगभग 7.07 लाख रुपये की लागत से निर्मित पीसीसी सड़क शामिल है।
इसके अलावा चांडिल प्रखंड के डोबो गांव में दुर्गा मंदिर के सामने लगभग 14.99 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का भी उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि ग्रामीणों की मांग और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीसीसी सड़क निर्माण से ग्रामीणों को विशेषकर बरसात के दिनों में कीचड़ और आवागमन की समस्याओं से राहत मिलेगी तथा गांवों की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और क्षेत्र में सड़क, भवन एवं अन्य जनोपयोगी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है।
कार्यक्रम में झामुमो के केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष सचिन गोप, सचिव शंकर सिंह, सुजीत महतो, हरिचरण महतो, नारायण मांझी, उदय महतो, कैलाश सिंह, शंकर मुर्मू, गुरु पद सिंह, ग्राम प्रधान श्याम सुंदर सिंह, पुइतु मांझी, पशुपति गोप, अश्विनी कुमार महतो, रामचंद महतो, मंगल मांझी, जदुपति महतो समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।








