Jamshedpur : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह तालाब के समीप गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बुजुर्ग ने कथित रूप से खुद को आग लगाकर आत्मदाह का प्रयास किया। घटना के दौरान स्थानीय युवक की साहसिक पहल और लोगों की तत्परता से बुजुर्ग की जान बच गई, हालांकि वे गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उनका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धातकीडीह ए-ब्लॉक निवासी सत्तार खान पेट्रोल लेकर तालाब के पास पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उन्होंने अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
इसी दौरान तालाब के पास वाहन धुलाई का कार्य करने वाले मो. इस्लाम ने अदम्य साहस का परिचय दिया। अपनी जान की परवाह किए बिना उन्होंने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी उनका साथ दिया और सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पाकर सत्तार खान को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसे सत्तार खान को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) भेजा गया। जहां उनके दम तोड़ने की जानकारी मिल रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सत्तार खान पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद को लेकर मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया।
पुलिस ने घटनास्थल से जले हुए कपड़े सहित अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। फिलहाल बिष्टुपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।








