Manoharpur : विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर मंगलवार को मनोहरपुर के मनीपुर मैदान में केंद्र सरकार प्रायोजित अस्मिता खेलो इंडिया वीमेन लीग – आवर इंडिया साइकिल रेस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बालक एवं बालिका वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद उपाध्यक्ष सह जिला खेल संघ के अध्यक्ष रंजीत यादव एवं मनोहरपुर थाना प्रभारी अमियल एक्का ने फीता काटकर तथा हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतियोगिता का रूट मनीपुर मुख्य सड़क से मेदासाई स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तक निर्धारित किया गया था, जहां से प्रतिभागियों ने वापसी कर रेस पूरी की।

इस अवसर पर साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं झारखंड सरकार की प्रतिनिधि, कोच सह कमिश्नर सतविंदर कौर तथा दिलीप कुमार गुप्ता भी उपस्थित रहे। सतविंदर कौर ने बताया कि यह प्रतियोगिता देश के 200 जिलों और झारखंड के 14 जिलों में आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। साथ ही विजेताओं को प्रोत्साहन राशि के रूप में प्रथम स्थान के लिए 10 हजार रुपये, द्वितीय स्थान के लिए 8 हजार रुपये और तृतीय स्थान के लिए 5 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रंजीत यादव ने कहा कि अस्मिता खेलो इंडिया का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से बालिकाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि मनोहरपुर में पहली बार इस स्तर की साइक्लिंग प्रतियोगिता का आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, जिससे क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिलेगा।
वहीं थाना प्रभारी अमियल एक्का ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में अनुशासन, मेहनत और समर्पण के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों एवं अन्य गणमान्य लोगों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के परिणामों में सीनियर बालक वर्ग में कृष्णा महतो ने प्रथम, मानसिंह हल्दा ने द्वितीय तथा रविशंकर हेम्ब्रोम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर बालिका वर्ग में मरियम हेम्ब्रोम ने पहला, प्रतिका महतो ने दूसरा और सारला बानरा ने तीसरा स्थान हासिल किया।
मौके पर झारखंड साइक्लिंग एसोसिएशन की गुलांची कुमारी, सागर गोप, पुलिस पदाधिकारी, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

















