अंतर्राष्ट्रीय लेवल क्रॉसिंग जागरूकता दिवस पर विशेष अभियान, नुक्कड़ नाटक से लोगों को किया जागरूक

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय लेवल क्रॉसिंग जागरूकता दिवस के अवसर पर टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम ने सोमवार को शहर के विभिन्न रेलवे फाटकों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक, जनसंपर्क कार्यक्रम और हैंडबिल वितरण के माध्यम से लोगों को सुरक्षित तरीके से रेलवे क्रॉसिंग पार करने के नियमों की जानकारी दी गई।

अभियान की शुरुआत जुगसलाई रेलवे क्रॉसिंग और सुंदरनगर रेलवे फाटक जैसे दुर्घटना संभावित क्षेत्रों से की गई। यहां सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर रेल फाटक पार करने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और लापरवाही के गंभीर परिणामों को प्रभावी ढंग से लोगों के सामने रखा। साथ ही रेलवे ट्रैक या बंद फाटक को अवैध रूप से पार करने पर रेल अधिनियम के तहत मिलने वाले दंड और कानूनी कार्रवाई की भी जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान राहगीरों को बताया गया कि रेलवे क्रॉसिंग पार करने से पहले अनिवार्य रूप से रुकें, दोनों दिशाओं में देखें, सिग्नल एवं चेतावनी संकेतों का पालन करें और ट्रेन की आवाज या सीटी सुनकर पूरी तरह सुनिश्चित होने के बाद ही आगे बढ़ें। टीम ने लोगों को यह भी समझाया कि बंद फाटक के नीचे से निकलने या उसके ऊपर चढ़कर पार करने का प्रयास जानलेवा साबित हो सकता है।

सिविल डिफेंस टीम ने नागरिकों से रेलवे क्रॉसिंग पर उपलब्ध रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) और रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की। इस दौरान जुगसलाई स्थित पूर्व रेल क्रॉसिंग आरओबी, परसुडीह, करनडीह और सुंदरनगर रेलवे फाटकों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में सिविल डिफेंस के सहायक प्रशिक्षक कल्याण कुमार साहू, डेमोंस्ट्रेटर गीता कुमारी, डी. आनंद राव, वीरेंद्र कुमार, अनामिका मंडल, विनोद कुमार, रमेश कुमार, संजय कुमार, दीपक कुमार, सरस्वती मुर्मू और अमित कुमार समेत कई स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

यह अभियान चक्रधरपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा एवं संरक्षा अधिकारी गरियान मृणाल के निर्देशन में संचालित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मंडल क्षेत्र में रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर होने वाली दुर्घटनाओं को शून्य स्तर तक लाना और आम लोगों को रेल सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक बनाना है।

इस अवसर पर राष्ट्रपति सम्मानित सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने नागरिकों से रेलवे सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रेलवे लाइनें देश के विकास की जीवनरेखा हैं और इन्हें दुर्घटनाओं अथवा आत्मघाती घटनाओं का केंद्र नहीं बनने देना चाहिए। उन्होंने लोगों से शॉर्टकट के लिए रेलवे ट्रैक पार करने से बचने तथा सुरक्षित यात्रा के लिए आरओबी और आरयूबी का उपयोग करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सतर्कता और नियमों का पालन न केवल अपनी बल्कि दूसरों की जान भी बचा सकता है। रेलवे को सुरक्षित बनाने में आम नागरिकों की जिम्मेदारी और सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें