Jamshedpur : जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे अवैध एवं अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया गया। उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर एसडीएम धालभूम के नेतृत्व में डिमना चौक से बड़ाबांकी तक अभियान संचालित किया गया।
अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ), डीएसपी ट्रैफिक, एमवीआई, सड़क सुरक्षा टीम और पुलिस बल शामिल रहे। इस दौरान नो-पार्किंग क्षेत्र में तथा सड़क किनारे अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 72 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 3 लाख 90 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
नियमित अभियान चलाने का निर्देश
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को सड़क सुरक्षा के मद्देनजर राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य प्रमुख क्षेत्रों में अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाने का निर्देश दिया है।
जिला प्रशासन के अनुसार सड़क किनारे अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा करने से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।

















