धूल और गड्ढों से बदहाल NH-33 का सरयू राय ने किया निरीक्षण, NHAI को दी चेतावनी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : कुछ वर्ष पहले आंदोलन का केंद्र रहा एनएच-33 एक बार फिर गड्ढों, धूल और बदहाली को लेकर चर्चा में है। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने बुधवार को पारडीह स्थित होटल सिटी इन से बालीगुमा तक एनएच-33 का निरीक्षण किया और सड़क की स्थिति को लेकर एनएचएआई के अधिकारियों से तत्काल सुधार की मांग की।

निरीक्षण के दौरान सड़क पर जगह-जगह छोटे-बड़े गड्ढे नजर आए। निर्माणाधीन फ्लाईओवर के कारण पूरे क्षेत्र में धूल का गुबार उड़ता मिला। सड़क के गड्ढों को भरने के लिए डाली गई सामग्री भी वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। सड़क से उठने वाली धूल के कारण राहगीरों के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि धूल घरों तक पहुंच रही है और लगातार प्रदूषण के बीच रहना मुश्किल हो गया है।

“धूल रोकने के लिए तत्काल पानी का छिड़काव कराएं”

सरयू राय ने मौके से एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर से फोन पर बातचीत की। उनके अनुसार प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने बताया कि उन्होंने दो दिन पहले ही पदभार संभाला है। विधायक ने उन्हें सड़क की तत्काल स्थिति सुधारने के साथ धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव कराने को कहा।

सरयू राय के मुताबिक प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने नियमित पानी के छिड़काव पर सहमति जताई है, ताकि आसपास रहने वाले लोगों और राहगीरों को तत्काल राहत मिल सके।

गड्ढों में सामग्री डालने के बजाय पिचिंग की मांग

विधायक ने कहा कि बरसात का मौसम समाप्त हो चुका है और दशहरा सामने है। ऐसे में लोगों को गड्ढों और धूल के बीच त्योहार मनाने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। उन्होंने एनएचएआई से केवल गड्ढों में मिट्टी या अन्य सामग्री डालकर खानापूर्ति करने के बजाय सड़क की ठीक तरीके से पिचिंग कराने की मांग की।

सरयू राय के अनुसार, प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने दो-तीन दिनों के भीतर सड़क निर्माण का काम शुरू कराने का आश्वासन दिया है। हालांकि, सड़क की लंबाई अधिक होने के कारण काम पूरा होने में समय लगने की बात भी कही गई है।

पुराने आंदोलन का किया जिक्र

सरयू राय ने कहा कि एनएच-33 की बदहाली कोई नई समस्या नहीं है। उन्होंने पूर्व में सड़क की खराब स्थिति के खिलाफ हुए आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में रांची स्थित एनएचएआई कार्यालय तक प्रदर्शन किया गया था और बाद में तोड़फोड़ की घटनाओं को लेकर मुकदमा भी चला था।

उन्होंने सवाल उठाया कि सड़क की स्थिति लगातार खराब होने के बाद ही एनएचएआई सक्रिय क्यों होता है।

कार्रवाई नहीं हुई तो लोगों का आक्रोश बढ़ने की चेतावनी

सरयू राय ने कहा कि एनएच-33 के किनारे रहने वाले लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। धूल घरों में पहुंच रही है और लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की स्थिति और धूल-धक्कड़ को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एनएचएआई ने समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए और मामला केवल आश्वासन तक सीमित रहा, तो लोगों का आक्रोश बढ़ सकता है। ऐसी स्थिति के लिए उन्होंने एनएचएआई को जिम्मेदार ठहराया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.