Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत सागजोड़ी गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोर की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, सागजोड़ी गांव निवासी शंकर भूमिज का 14 वर्षीय पुत्र हरीश भूमिज अपनी छोटी बहन के साथ गांव के एक कुएं पर नहाने गया था। नहाने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में जा गिरा। घटना के बाद उसकी बहन और आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए।
ग्रामीणों ने चलाया बचाव अभियान
ग्रामीणों ने तत्काल किशोर की तलाश शुरू की, लेकिन कुआं काफी गहरा होने के कारण उसे बाहर निकालने में काफी कठिनाई हुई। लंबे प्रयास और मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने हरीश को कुएं से बाहर निकाला और आनन-फानन में स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए।
हालांकि चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर की घोषणा के साथ ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव का माहौल गमगीन हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर जराईकेला थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और रविवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। इधर, किशोर की असमय मौत से पूरे सागजोड़ी गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से खुले और असुरक्षित कुओं के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।








