टाटा स्टील यूआईएसएल ने लॉन्च किया ‘प्रकृति स्नेह’, शहर के कचरे से तैयार होगी हरियाली की नई कहानी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पर्यावरण संरक्षण और सतत कचरा प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (टाटा स्टील यूआईएसएल) ने रविवार को ‘प्रकृति स्नेह’ नामक प्रीमियम ऑर्गेनिक सिटी कम्पोस्ट लॉन्च किया। “सोचना अच्छा है, करना और बेहतर है” थीम के तहत शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य शहर के जैविक कचरे को उपयोगी जैविक खाद में परिवर्तित कर स्वच्छता और हरित विकास को बढ़ावा देना है।

बेलडीह क्लब में आयोजित समारोह में टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी. बी. सुंदरा रामम ने उत्पाद का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल कुमार भटनागर, सुमिता नुपुर, मीडिया प्रतिनिधि, ग्रीन एम्बेसडर तथा कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

जमशेदपुर में प्रतिदिन लगभग 300 टन ठोस कचरा उत्पन्न होता है। टाटा स्टील यूआईएसएल इस कचरे के जैविक हिस्से को वैज्ञानिक प्रक्रिया से कम्पोस्ट में बदल रहा है। तैयार की गई ‘प्रकृति स्नेह’ खाद मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने, पौधों के स्वस्थ विकास और शहरी बागवानी को प्रोत्साहित करने में सहायक होगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डी. बी. सुंदरा रामम ने कहा कि स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल शहर के निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ‘प्रकृति स्नेह’ जैसी पहलें यह साबित करती हैं कि सही सोच और प्रयास से कचरे को भी मूल्यवान संसाधन में बदला जा सकता है।


टाटा स्टील यूआईएसएल ने ‘प्रकृति स्नेह’ को प्रारंभिक विशेष मूल्य ₹10 प्रति किलोग्राम पर बाजार में उतारा है, जबकि इसकी अधिकतम खुदरा कीमत (एमआरपी) ₹20 प्रति किलोग्राम निर्धारित की गई है।

यह जैविक खाद फिलहाल नॉर्दर्न टाउन, रामदास भट्टा, बारीडीह, कसीडीह और बर्मामाइंस स्थित टाटा स्टील यूआईएसएल डिपो में उपलब्ध है। कंपनी ने कमांड एरिया के निवासियों के लिए होम डिलीवरी की सुविधा भी शुरू की है। इच्छुक उपभोक्ता 0657-6646000 पर संपर्क कर 48 घंटे के भीतर खाद अपने घर मंगा सकते हैं। कंपनी ने बताया कि जल्द ही यह उत्पाद ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म बिगबास्केट पर भी उपलब्ध होगा।

कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ शहर के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा—

“मेरा शहर, मेरा अभिमान; हरित जमशेदपुर, हमारी पहचान।”

‘प्रकृति स्नेह’ के माध्यम से टाटा स्टील यूआईएसएल न केवल कचरा प्रबंधन की चुनौती का समाधान प्रस्तुत कर रहा है, बल्कि सर्कुलर इकोनॉमी और हरित विकास की दिशा में एक प्रभावी मॉडल भी स्थापित कर रहा है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.