कल्पनापुरी के घरेलू विवाद पर सियासत तेज, प्रवीण सिंह को निशाना बनाने का आरोप

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-23 स्थित कल्पनापुरी में दो भाइयों के बीच शुरू हुआ घरेलू विवाद अब राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बन गया है। मामले को लेकर वर्तमान पार्षद अवधेश सिंह और पूर्व पार्षद प्रत्याशी प्रवीण सिंह के नाम सामने आने के बाद आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

मामले के दूसरे पक्ष राकेश कुमार झा ने आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत देकर रूपा झा और उनके परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों को खारिज किया है। राकेश झा का कहना है कि उनके छोटे भाई मुकेश झा, उनकी पत्नी रूपा झा और बेटी ने उनके साथ मारपीट की तथा सब्जी काटने वाले चाकू से हमला करने का प्रयास किया।

राकेश झा के अनुसार, घटना के दौरान शोर सुनकर पूर्व पार्षद प्रत्याशी प्रवीण सिंह मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान पार्षद अवधेश सिंह चुनावी रंजिश के कारण प्रवीण सिंह को इस मामले में मोहरा बनाकर निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं। राकेश झा ने यह भी कहा कि उनके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना के लिए उन्होंने पार्षद को जिम्मेदार ठहराया है।

वहीं, पूर्व पार्षद प्रत्याशी प्रवीण सिंह ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रतिद्वंद्विता के कारण उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ पहले भी एससी-एसटी एक्ट, मारपीट और छिनतई सहित चार झूठे मामले दर्ज कराए गए हैं।

प्रवीण सिंह ने कहा कि उनके सामाजिक बहिष्कार और ‘हुक्का-पानी बंद’ करने जैसी बातें लोकतांत्रिक और सभ्य समाज की भावना के विपरीत हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

रविवार को इस मामले को लेकर कल्पनापुरी में माहौल काफी गर्म रहा। एक ओर पार्षद अवधेश सिंह की ओर से आयोजित बैठक में कुछ लोगों ने प्रवीण सिंह के सामाजिक बहिष्कार की मांग की, वहीं दूसरी ओर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने इसका विरोध करते हुए प्रवीण सिंह के समर्थन में आवाज उठाई।

समर्थकों का कहना है कि प्रवीण सिंह लंबे समय से सामाजिक कार्यों और जनसेवा से जुड़े रहे हैं तथा एक पारिवारिक विवाद को राजनीतिक रंग देकर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।


गौरतलब है कि मामले के प्रथम पक्ष की रूपा झा ने भी आदित्यपुर थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए अपने भैसुर राकेश झा और प्रवीण सिंह पर मारपीट का आरोप लगाया है।

फिलहाल आदित्यपुर थाना पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.