Chaibasa : गृह रक्षा वाहिनी लोक सेवक संघ, चाईबासा जिला समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी से मुलाकात कर होमगार्ड जवानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक स्मार पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को जवानों की लंबित मांगों से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
सौंपे गए ज्ञापन में मुख्य रूप से डीएमएफटी (DMFT) के तहत प्रतिनियुक्त होमगार्ड जवानों के लंबित बकाया भुगतान को जल्द जारी करने की मांग की गई। इसके अलावा जनवरी 2025 से राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं अस्पताल, जगन्नाथपुर में कार्यरत जवानों के लंबित मानदेय और बकाया राशि के भुगतान का भी मुद्दा उठाया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से किरीबुरू सेल, किरीबुरू, मेद्याहातु, चिरिया माइंस तथा कोल्हान विश्वविद्यालय समेत अन्य संस्थानों में भी होमगार्ड जवानों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि अधिक से अधिक जवानों को रोजगार और नियमित ड्यूटी उपलब्ध हो सके।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि पूर्व मुख्य सचिव द्वारा होमगार्ड जवानों को अधिक से अधिक ड्यूटी देने संबंधी आदेश जारी किया गया था, लेकिन जिले में उस आदेश का समुचित पालन नहीं हो रहा है। इससे बड़ी संख्या में जवान नियमित कार्य और आय से वंचित हैं।
उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित मामलों की समीक्षा कर यथोचित कदम उठाने की बात कही।
प्रतिनिधिमंडल में जिला सचिव मंगल सिंह सुंडी, महिला जिला अध्यक्ष फरवरी कुंकुल, महिला सचिव सलोमी मुंडा, कार्यकारिणी अध्यक्ष डुबराज बारी, उप सचिव रमेश तियु, संगठन सचिव रामाय सामाड, रुपेश बातर, मजमती तिपू तथा सुखदेव हेम्ब्रम सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।
संघ ने उम्मीद जताई कि प्रशासन होमगार्ड जवानों की समस्याओं पर त्वरित संज्ञान लेते हुए लंबित भुगतान और प्रतिनियुक्ति संबंधी मांगों का जल्द समाधान करेगा।









