एनटीएचए के आशीष तानी पूर्ति ने पाकिस्तान के खिलाफ दागे चार गोल, भारत अंडर-18 एशिया कप के फाइनल में

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : नवल टाटा हॉकी अकादमी (एनटीएचए) के उभरते सितारे आशीष तानी पूर्ति ने मेंस अंडर-18 हॉकी एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान के खिलाफ चार गोल दागे और भारत को फाइनल में पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभाई। उनके दमदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने हाई-वोल्टेज मुकाबले में पाकिस्तान को शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।

काकामिगहारा में खेले गए इस बहुप्रतीक्षित सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। आशीष तानी पूर्ति ने विपक्षी रक्षा पंक्ति को लगातार दबाव में रखा और अपने चार गोलों से मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया। उनकी तेज रफ्तार, बेहतरीन पोजिशनिंग और गोल करने की क्षमता ने पाकिस्तान की मजबूत मानी जाने वाली डिफेंस को बेअसर कर दिया।

इससे पहले पूल चरण में चीनी ताइपे के खिलाफ हैट्रिक जमाकर चर्चा में आए आशीष ने सेमीफाइनल जैसे दबाव भरे मुकाबले में भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। लगातार दूसरे महत्वपूर्ण मैच में उनके प्रभावशाली खेल ने उन्हें टूर्नामेंट के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में शामिल कर दिया है।

मैच के दौरान सर्कल के भीतर उनकी आक्रामक मौजूदगी और गोल करने की भूख ने भारतीय टीम को बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस प्रदर्शन के साथ आशीष तानी पूर्ति ने न केवल भारत की फाइनल की राह आसान की, बल्कि भारतीय हॉकी के भविष्य के रूप में अपनी दावेदारी भी मजबूत कर दी।

एनटीएचए के प्रोजेक्ट डायरेक्टर गुरमीत सिंह राव ने आशीष की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा, “एशिया कप के सेमीफाइनल में पाकिस्तान जैसी मजबूत टीम के खिलाफ चार गोल करना असाधारण उपलब्धि है। यह प्रदर्शन लंबे समय तक याद रखा जाएगा। यह देश के लिए गर्व का क्षण है और एनटीएचए के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण उपलब्धि है। हमें अपने उन दो खिलाड़ियों पर गर्व है, जो वर्तमान में अंडर-18 एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।”

आशीष तानी पूर्ति के शानदार प्रदर्शन से भारतीय हॉकी प्रेमियों में उत्साह का माहौल है और अब सभी की निगाहें एशिया कप के फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां भारतीय टीम खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.